24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे प्राथमिक शिक्षक, पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगें
TET की बाध्यता समाप्त करने और गैर-शैक्षणिक ऑनलाइन कार्यों पर रोक लगाने की मांग, उत्तरकाशी समेत प्रदेशभर के शिक्षक होंगे शामिल

पुरोला:::: उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर प्राथमिक शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर 24 अक्टूबर को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। इस आंदोलन में जनपद उत्तरकाशी सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। आंदोलन को सफल बनाने के लिए शिक्षकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रांतीय तदर्थ समिति के सदस्य विनोद रतूड़ी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि शिक्षक लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री आवास कूच का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, शिक्षकों के लिए टीईटी (TET) की बाध्यता समाप्त करना तथा शिक्षण कार्य प्रभावित करने वाले गैर-शैक्षणिक ऑनलाइन कार्यों पर रोक लगाना शामिल है।
विनोद रतूड़ी ने कहा कि यदि सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी प्राथमिक शिक्षकों से 24 अक्टूबर के मुख्यमंत्री आवास कूच में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।



