Blog
Trending

डायट बड़कोट में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की गूंज, भव्य तिरंगा रैली से दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

डीएलएड प्रशिक्षुओं और शिक्षकों ने नगर में निकाली तिरंगा यात्रा, लोगों से घर-घर सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराने की अपील

बड़कोट (उत्तरकाशी)। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बड़कोट में बुधवार को भव्य तिरंगा रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डायट के प्राचार्य संजीव जोशी ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, आन-बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

डायट परिसर से शुरू हुई तिरंगा रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में शामिल डीएलएड प्रशिक्षुओं और संकाय सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा” के गगनभेदी नारे लगाए। पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। रैली के दौरान लोगों को भी अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में संकाय सदस्य हेमू बिष्ट, डॉ. सुबोध बिष्ट, शांति रतूड़ी, गोपाल सिंह राणा, मो. अरशद अंसारी, अरविन्द चौहान, संगीता कोठारी, टीकाराम सिंह रावत, सुशील जोशी, बबीता सजवाण, रिचा उनियाल, नारायण श्रीवास्तव, अनुज सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button