
उत्तरकाशी, 16 मई। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने एक प्रेरणादायक पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने के आह्वान को अमल में लाते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचे।
जिलाधिकारी ने इस पहल के माध्यम से आम जनता, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों के बजाय पैदल चलने, साइकिल का उपयोग करने अथवा सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संकल्प लें। इससे ईंधन की बचत के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
कार्यालय तक पैदल जाते समय जिलाधिकारी ने मार्ग में स्थित सामान्य व प्रसाद की दुकानों का निरीक्षण किया और विक्रेताओं को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने राजकीय जिला अस्पताल पहुंचकर वहां की चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

जिला प्रशासन की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।



