उत्तरकाशी: 73 वर्षीय मरीज को हैली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा, जिला प्रशासन ने की व्यवस्था
इस्केमिक स्ट्रोक से पीड़ित मरीज का जिला चिकित्सालय में चल रहा था उपचार, गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर ले जाने की दी थी सलाह।

उत्तरकाशी। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में उपचाराधीन 73 वर्षीय मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए शुक्रवार, 16 अक्टूबर को उन्हें हैली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। मरीज इस्केमिक स्ट्रोक (दायें सेरिबेलर इन्फार्क्ट) से पीड़ित हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लोदाड़ा, धौंतरी निवासी कौर सिंह (73 वर्ष), पुत्र चूच्यार सिंह, का जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में उपचार चल रहा था। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने परिजनों को उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजनों ने मरीज को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन से हैली एंबुलेंस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। परिजनों के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने यूकाडा (UCADA) से आवश्यक समन्वय कर हैली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।
इसके पश्चात शुक्रवार को अपराह्न लगभग 1:44 बजे मरीज को हैली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया, जहां उन्हें आगे के उपचार के लिए ले जाया गया।



