Blog
Trending

राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज में बाल सखा प्रकोष्ठ के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम,

बड़कोट में छात्राओं को करियर, महिला स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

बड़कोट (उत्तरकाशी)। राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज बड़कोट में शुक्रवार को बाल सखा प्रकोष्ठ के तहत करियर गाइडेंस एवं एडोलसेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य शोभना थापा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, करियर और कौशल विकास जैसे विषयों पर छात्राओं को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट की चिकित्सक डॉ. आस्था ने छात्राओं को किशोरावस्था के दौरान होने वाले मानसिक एवं शारीरिक बदलावों और महिला स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका चिकित्सक ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कोतवाली बड़कोट से पहुंचे एसआई संतोष भट्ट ने महिला सुरक्षा तथा सामाजिक एवं मानसिक उत्पीड़न से जुड़े विषयों पर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आसपास किसी भी प्रकार का अपराध या असुरक्षा की स्थिति दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दें। उन्होंने आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क करने की जानकारी भी दी।

वहीं, एसआई वीरेंद्र ने साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी।

करियर मार्गदर्शन के तहत नगर पालिका बड़कोट की अकाउंटेंट संगीता राणा ने छात्राओं को करियर के विभिन्न अवसरों और लेखांकन से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता संदीप ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विभिन्न विषयों के अध्ययन के संबंध में छात्राओं से विस्तृत चर्चा की।

विद्यालय की शिक्षिका समा भानु ने छात्राओं को कौशलम् कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अपने भीतर छिपी प्रतिभा और कौशल को विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। पीटीए अध्यक्ष गीता प्रसाद गैरोला ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उपस्थित अतिथियों से करियर, स्वास्थ्य और अन्य विषयों से संबंधित सवाल पूछे। अतिथियों ने उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और विभिन्न विषयों पर संवाद किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य शोभना थापा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से नीतिका, पारुल, समा भानु, आयशा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। पुलिस विभाग से एसआई संतोष भट्ट, एसआई वीरेंद्र, मोहन सिंह ठाकुर, गजेंद्र सिंह और पीआरडी कर्मी गुड्डी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा नगर पालिका बड़कोट की अकाउंटेंट संगीता राणा, कनिष्ठ अभियंता संदीप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट की चिकित्सक डॉ. आस्था तथा पीटीए अध्यक्ष गीता प्रसाद गैरोला भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button