रवांई के लिए गौरव का पल, निखिल राणा ने रवांल्टी कविता में हासिल किया राज्य में दूसरा स्थान
राजकीय इंटर कॉलेज मोल्टाड़ी के छात्र निखिल की कविता ‘बूट-बूटकुण’ को मिला सम्मान, मन्नत रावत ने हिंदी एकांकी लेखन में प्रदेश में पाया प्रथम स्थान

पुरोला/उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड भाषा संस्थान की ओर से राज्य की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित साहित्यिक प्रतियोगिताओं में रवांई क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

हिंदी, पंजाबी, उर्दू, नेपाली और उत्तराखण्ड की लोक भाषाओं में आयोजित निबंध, एकांकी और कविता लेखन प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज मोल्टाड़ी, पुरोला में कक्षा 11 में अध्ययनरत निखिल राणा ने रवांल्टी कविता लेखन में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निखिल की रवांल्टी कविता ‘बूट-बूटकुण’ को यह सम्मान मिला।

राज्य स्तर पर आयोजित सम्मान समारोह में निखिल राणा को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, अध्ययन सामग्री, अंगवस्त्र और पांच हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और शिक्षाविद मौजूद रहे। 
वहीं, रवांई क्षेत्र की कुमारी मन्नत रावत ने हिंदी एकांकी लेखन में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें सात हजार रुपये की धनराशि, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र, अध्ययन सामग्री और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दोनों छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि से रवांई क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने निखिल राणा और मन्नत रावत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत को दिया जा रहा है।



