नेटवाड़ में छात्रों ने जाना पक्षियों का संसार, प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत बर्ड वाचिंग कार्यक्रम, चित्रकला, पोस्टर और हर्बेरियम प्रतियोगिताओं में छात्रों ने किया प्रतिभाग

पुरोला। वन्य प्राणी सप्ताह के तहत गोविंद वन्य जीव विहार एवं राष्ट्रीय उद्यान नेटवाड़ के तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को वन्य जीवों एवं पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष बर्ड वाचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राइंका नेटवाड़ और राइंका सांकरी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान वन एवं पक्षी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की पहचान, उनके प्राकृतिक आवास, व्यवहार तथा जैव विविधता संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पक्षियों के बारे में जानकारी हासिल करने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में राइंका नेटवाड़ की कक्षा छह की छात्रा महिमा, पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं की नेहा तथा हर्बेरियम निर्माण एवं औषधीय पादप ज्ञान दस्तावेजीकरण प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की गुंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गोविंद वन्य जीव विहार की उप निदेशक निधि सेमवाल ने विद्यार्थियों से पार्क क्षेत्र के जंगलों में पाए जाने वाले विभिन्न पक्षियों के रहन-सहन और उनकी विशेषताओं को लेकर संवाद किया। साथ ही क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की जानकारी भी परखी गई। उन्होंने चित्रकला, पोस्टर, हर्बेरियम, औषधीय पादप ज्ञान एवं क्विज प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उप निदेशक निधि सेमवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पक्षियों, वन्य जीवों और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति रुचि विकसित करना है।
इस अवसर पर सुपिन रेंज अधिकारी गौरव अग्रवाल, रुपिन रेंज अधिकारी आशीष मोहन तिवारी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



