Blog
Trending

GDC बड़कोट के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पैनल की प्रथम बैठक सम्पन्न, छात्रहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

छात्रसंघ ने कक्ष आवंटन, शौचालयों के सुधार और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की फीस में सहायता का रखा प्रस्ताव

बड़कोट  राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट में नवनिर्वाचित छात्रसंघ पैनल एवं नामित कार्यकारिणी सदस्यों की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने की। इस दौरान छात्रसंघ प्रभारी डी. पी. गैरोला एवं महाविद्यालय की मुख्य शास्ता डॉ. अंजू भट्ट मौजूद रहीं।

बैठक की शुरुआत छात्रसंघ प्रभारी डी. पी. गैरोला ने नवनिर्वाचित एवं नामित छात्रसंघ पदाधिकारियों को निर्वाचन में सफलता के लिए बधाई देकर की। उन्होंने महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

छात्रसंघ प्रभारी ने छात्रसंघ संविधान के प्रावधानों के साथ ही नवनिर्वाचित छात्रसंघ पैनल के अधिकारों, कर्तव्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रसंघ से अनुशासन बनाए रखने, महाविद्यालय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय रखने तथा छात्रहित में रचनात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

बैठक में नवनिर्वाचित छात्रसंघ पैनल की ओर से छात्रहित से जुड़े कई मुद्दे प्राचार्य के समक्ष रखे गए। छात्रसंघ ने महाविद्यालय में छात्रसंघ के लिए एक निर्धारित स्थान एवं कक्ष आवंटित किए जाने की मांग रखी। इसके साथ ही महाविद्यालय के शौचालयों की स्थिति में सुधार तथा आवश्यक रंग-रोगन कराने का प्रस्ताव भी रखा गया।

छात्रसंघ ने छात्रसंघ निधि में उपलब्ध पूर्व अवशेष धनराशि का उपयोग महाविद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की फीस में सहायता के लिए किए जाने का सुझाव दिया। इस संबंध में छात्रसंघ की ओर से प्राध्यापकों एवं छात्रसंघ पैनल के एक सदस्य को शामिल करते हुए एक संयुक्त समिति गठित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ सभी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने छात्रहित से संबंधित प्रस्तावों पर नियमानुसार सकारात्मक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

बैठक में छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सहित नवनिर्वाचित छात्रसंघ पैनल एवं नामित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button