Blog
Trending

जेंडर संवेदीकरण से समावेशी शिक्षा की ओर, डायट बड़कोट में भावी शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

लैंगिक समानता, भेदभावमुक्त शिक्षा और बालक-बालिकाओं को समान अवसर देने पर हुई विस्तृत चर्चा

बड़कोट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बड़कोट, उत्तरकाशी में शुक्रवार को जेंडर प्रकोष्ठ की ओर से डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए एक दिवसीय जेंडर संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य भावी शिक्षकों को लैंगिक समानता, संवेदनशीलता और समावेशी शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विद्यालयों में भेदभावमुक्त वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य हेमू बिष्ट के मार्गदर्शन एवं संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि एक आदर्श शिक्षक के लिए विषय का ज्ञान होने के साथ-साथ जेंडर के प्रति संवेदनशील होना भी जरूरी है। शिक्षक केवल शिक्षा देने तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज में समानता, सम्मान और सकारात्मक बदलाव लाने में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यशाला में लिंग एवं जेंडर की अवधारणा, लैंगिक रूढ़िवादिता, सामाजिक मान्यताओं, पितृसत्तात्मक व्यवस्था, लैंगिक समाजीकरण तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में जेंडर समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षुओं को बताया गया कि परिवार, समाज, विद्यालय और पाठ्यपुस्तकें किस तरह बच्चों की लैंगिक सोच एवं व्यवहार को प्रभावित करती हैं।

इस दौरान विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के प्रति अलग-अलग अपेक्षाओं, खेलकूद एवं कक्षा गतिविधियों में समान सहभागिता और नेतृत्व के समान अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षुओं को भविष्य में शिक्षक के रूप में कक्षाओं में समानता, सम्मान और समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला का समन्वयन एवं संचालन गोपाल सिंह राणा और बबीता सजवाण ने किया। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों, उदाहरणों और सहभागितापूर्ण चर्चाओं के माध्यम से प्रशिक्षुओं को जेंडर संवेदनशीलता की व्यावहारिक समझ विकसित करने में सहयोग किया।

डीएलएड प्रशिक्षुओं ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रशिक्षुओं ने अपने भावी कार्यक्षेत्र में लैंगिक समानता, समान अवसर और भेदभावमुक्त शैक्षिक वातावरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य सुशील चंद्र जोशी, टीकाराम सिंह रावत, डॉ. सुबोध बिष्ट, मो. अरशद अंसारी, अरविंद चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button