बाल दिवस पर गुंदियाटगांव विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, विद्यार्थियों को बांटे उपहार व पुरस्कार
कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को मिली विद्यालयी ड्रेस, भोजन माताओं को दीपावली बोनस देकर किया सम्मानित।

पुरोला::: अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गुंदियाटगांव में प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह सजवाणा के नेतृत्व में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर दिनभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोहों से गुलजार रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों के सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए खेल और मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
इस दौरान विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को उपहार भेंट किए गए, जबकि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को विद्यालयी ड्रेस वितरित की गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनमें आयुष (कक्षा 6), दिव्यांजलि (कक्षा 9), राज, प्रांजल, एक्शन, दिव्यांशु, आयशा एवं जिया शामिल रहे। वहीं चेयर रेस प्रतियोगिता के बालक वर्ग में जिगर (कक्षा 7) और बालिका वर्ग में प्रांजलि (कक्षा 8) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का संचालन करने वाली भोजन माताओं के योगदान को भी विशेष महत्व दिया गया। उनके समर्पण और सेवाभाव के सम्मान में विद्यालय की ओर से दीपावली बोनस प्रदान किया गया। इस पहल की अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सराहना की।
प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह सजवाणा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और विद्यालय परिवार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के योगदान का सम्मान करना भी है।
इस अवसर पर ओमप्रकाश नेगी, उपेंद्र सिंह रावत, नितिन रावत, कविंद्र सिंह चौहान, मनबीर सिंह रावत, रोशन लाल, अनुज नौडियाल, दीपक सिंह नेगी, भजन सिंह रावत चौहान, पूनम शाह, लक्ष्मी पोखरियाल एवं पार्वती राणा सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।



