अल्मोड़ा में आफत की बारिश: मकान ढहने से 3 लोगों की मौत, SDRF ने मलबे से बरामद किए शव
वडयूडा गांव में हादसे के बाद मचा हड़कंप, सड़क बंद होने पर 3 किमी पैदल चलकर पहुंची SDRF टीम; देखें रेस्क्यू का वीडियो

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सोमेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम वडयूडा में एक मकान अचानक ढह गया। हादसे में मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और सघन रेस्क्यू अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह डीसीआर/आपदा से सूचना मिली कि ग्राम वडयूडा में एक मकान ढह गया है और कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

सड़क बंद मिली तो 3 किलोमीटर पैदल पहुंची टीम
घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर पहले सड़क पर मलबा आने के कारण मार्ग अवरुद्ध था। ऐसे में SDRF जवान आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल की ओर रवाना हुए। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद SDRF टीम ने मलबे से तीन शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42 वर्ष), पत्नी राजेंद्र राम, कल्पना आर्या (19 वर्ष), पुत्री राजेंद्र राम और मनीष कुमार (18 वर्ष), पुत्र राजेंद्र राम के रूप में हुई है।
वहीं, गुलाब राम मकान से बाहर स्थित कमरे में सो रहे थे। मकान ढहने के दौरान वह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
SDRF टीम ने बरामद तीनों शवों को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
बारिश ने बढ़ाई पहाड़ की मुश्किलें
लगातार बारिश के बीच सड़क मार्गों पर मलबा आने और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा के खतरे को सामने ला दिया है। वडयूडा गांव में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।



