Blog
Trending

डुंडा में किसान ऋण मेले का आयोजन, 90 लाभार्थियों को ₹79.78 लाख के चेक वितरित

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की पहल, 40 नए कृषक सदस्य जुड़े; 38 पुराने कृषक समूहों को किया गया सक्रिय

डुंडा। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग की ओर से बुधवार, 18 नवंबर को विकासखंड कार्यालय डुंडा परिसर में किसान ऋण मेला 2026 का आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों, उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देने के साथ वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री एवं लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जगत सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि विकासखंड डुंडा प्रमुख राजदीप सिंह परमार तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने किया। इस अवसर पर बैंक के उपाध्यक्ष हरिमोहन चंद, लोकेन्द्र सिंह बिष्ट, सतेन्द्र राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं टिहरी जनपद सह प्रभारी, विजय संतरी, निदेशक राष्ट्रीय आवास संघ, दिनेश लाल, बैंक निदेशक तथा नितीश रमोला, बैंक प्रोफेशनल निदेशक सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

ऋण मेले का उद्देश्य किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों, उद्यमियों और स्वरोजगार की दिशा में कार्य कर रहे लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा वित्तीय सुविधाओं को सरल एवं सुलभ बनाना रहा। इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं उनके नामांकन की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। बैंक ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऋण वितरण प्रणाली को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ऋण मेले में बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत 90 कृषकों एवं लाभार्थियों को कुल 79.78 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं, 40 नए कृषक सदस्यों को बैंक से जोड़ा गया तथा 38 पुराने कृषक समूहों को पुनः सक्रिय किया गया। इसके अलावा 20 कृषकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लाभान्वित किया गया।

मुख्य अतिथि जगत सिंह चौहान एवं विकासखंड प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन कृषकों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने, वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में जिला सहायक निबंधक, बैंक सचिव एवं महाप्रबंधक, बैंक और सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कृषक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों, कृषकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button