पुरोला तहसील क्षेत्र में 19 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष मतदाता सत्यापन अभियान, छूटे नाम जुड़वाने का मिलेगा मौका
ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम जांच सकेंगे मतदाता, सूची में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर कर सकेंगे आवेदन

पुरोला। मतदाता सूची को अद्यतन करने और सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल करने के उद्देश्य से पुरोला तहसील क्षेत्र में 19 नवंबर से 25 नवंबर तक विशेष मतदाता सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ स्तर पर मतदाताओं को ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांचने का मौका मिलेगा।
यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी कारणवश छूट गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए तहसीलदार पुरोला कमल सिंह राठौर ने आमजन से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है।
उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपने-अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
तहसील प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि 19 से 25 नवंबर के बीच अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें। नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रपत्र भरकर समय रहते आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया जा सके।



