Blog
Trending

कांग्रेस में अनुशासनहीनता पर सख्ती, आपत्तिजनक बयानबाजी करने वालों पर होगी कार्रवाई

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रभारी ने दिए संगठनात्मक अनुशासन के निर्देश, संभावित दावेदारों को कार्यक्रमों से पहले अनुमति लेना अनिवार्य

पुरोला। उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में अनुशासन बनाए रखने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को पुरोला में अनुशासनात्मक बैठक आयोजित की गई। जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में संगठनात्मक अनुशासन और चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला अध्यक्ष (यमुना घाटी) दिनेश चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह नेगी, हरिमोहन जुवाँठा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में पार्टी के भीतर रहकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर कांग्रेस पार्टी एवं उसके पदाधिकारियों के खिलाफ लगातार अनर्गल और आपत्तिजनक बयानबाजी किए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। जिला प्रभारी के निर्देश पर ऐसे मामलों से संबंधित तथ्य और आमजन से प्राप्त जानकारियां एकत्र कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश अनुशासन समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। संगठन हित को सर्वोपरि बताते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के संभावित दावेदारों को निर्देशित किया गया कि वे किसी भी बैठक, कार्यक्रम अथवा सार्वजनिक आयोजन से पहले जिला कांग्रेस कमेटी, जिला प्रभारी एवं विधानसभा प्रभारी को अनिवार्य रूप से सूचना दें और आवश्यक अनुमति प्राप्त करें।

बैठक में कहा गया कि संगठनात्मक समन्वय के साथ चुनावी रणनीति पर काम करने और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ये निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button