Blog
Trending

जनजातीय गौरव दिवस पर राजकीय महाविद्यालय पुरोला में निबंध व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित, विजेताओं को किया सम्मानित

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विद्यार्थियों ने जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर रखे विचार।

पुरोला: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय पुरोला में जनजातीय गौरव दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, स्वाभिमान, वीरता, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय समुदाय के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा उनकी सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान महाविद्यालय में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

निबंध प्रतियोगिता में दिया रावत ने प्रथम, आँचल रावत ने द्वितीय तथा तपस्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कृष ने प्रथम, सृष्टि रावत ने द्वितीय तथा ध्रुव रावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय की ओर से बधाई दी गई।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष, विचारों तथा जनजातीय समाज के उत्थान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और देश के विकास में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य कृष्णदेव रतूड़ी ने विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी रमेश चन्द्र रड्वाल, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. हरिश्चंद्र पुरोहित सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button