Blog
Trending

मोरी पुलिस ने 1.223 किलो चरस के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार, ₹2.40 लाख कीमत की चरस बरामद

उत्तरकाशी पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी, वर्ष 2026 में अब तक 31 मामलों में 41 आरोपी गिरफ्तार।

मोरी (उत्तरकाशी)। उत्तरकाशी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मोरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 1 किलो 223 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी रख रही है।

इसी अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में 30 अक्टूबर 2026 की शाम मोरी-सांकरी रोड पर जखोल-सांकरी तिराहे के समीप फफराला खड्ड के पास चेकिंग की गई। इस दौरान किशन मौर्य (44 वर्ष) निवासी ग्राम लालपुर, थाना बिनावर, दातागंज, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी राजपुर, देहरादून को 1 किलो 223 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक रावत, कांस्टेबल गणेश राणा और कांस्टेबल अनिल तोमर शामिल रहे।

31 मामलों में 41 तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 31 मामलों में 41 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 58.40 लाख रुपये कीमत की 12 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button