पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, वारदात के बाद पति फरार
18 महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह, पति-पत्नी के बीच गृहक्लेश की बात आई सामने; पुलिस और राजस्व टीम जांच में जुटी

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले की कालसी तहसील के कचटा गांव में एक महिला की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय मनोज पर अपनी 22 वर्षीय पत्नी नीलम की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दोनों का करीब 18 महीने पहले प्रेम विवाह हुआ था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चलने की बात सामने आई है। इसी बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और महिला की जान चली गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।
गृहक्लेश की आशंका, सभी पहलुओं पर जांच
एसडीएम कालसी प्रेम लाल के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना का कारण गृहक्लेश माना जा रहा है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वारदात के बाद से आरोपी पति की तलाश जारी है।
घटना के बाद कचटा गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।



