हिंदी दिवस कविता लेखन प्रतियोगिता में कालसी की तीन छात्राओं ने राज्य स्तर पर लहराया परचम
रिंकी चौहान ने प्रथम, सुहाना चौहान ने तृतीय और अंतरा ने सांत्वना पुरस्कार किया हासिल

कालसी। उत्तराखंड भाषा संस्थान द्वारा हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कविता लेखन प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी की तीन छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में कक्षा 12 ‘अ’ की छात्रा रिंकी चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सुहाना चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि अंतरा को ‘पेड़ अगर जो मोह लगाते’ विषय पर जौनसारी भाषा में कविता लेखन के लिए सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राज्य स्तरीय समारोह में छात्राओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाषा मंत्री खजानदास द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में रिंकी चौहान को ₹7,000, तृतीय पुरस्कार के रूप में सुहाना चौहान को ₹4,000 तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में अंतरा को ₹3,000 की नगद राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही छात्राओं को मोमेंटो, प्रमाण पत्र, डायरी और बैग देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन असवाल, हिंदी विषय के प्रवक्ता केशव रावत सहित समस्त विद्यालय परिवार ने छात्राओं की इस राज्य स्तरीय उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




