युवाओं और खेल प्रतिभाओं को लेकर डीएम प्रशांत आर्य सख्त, योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश

उत्तरकाशी, 17 अगस्त 2026। जिले के युवाओं के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा खेल विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में डीएम ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के पात्र युवाओं तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दें। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में डीएम ने खेलो इंडिया, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना, खेल महाकुंभ, युवा महोत्सव और व्यावसायिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बाल एथलीटों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने जिले में प्रतिभा खोज अभियानों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी सीमांत और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाला जिला है, ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं और खेल प्रतिभाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाने जरूरी हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दूरस्थ क्षेत्रों में खेल एवं युवा कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का विस्तार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा करने को कहा।
बैठक में युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



