बागेश्वर: शिवालय में जल चढ़ाने गया 8 वर्षीय बालक सरयू नदी में बहा, तलाश में जुटीं SDRF और पुलिस
माँ के साथ जलाभिषेक करने पहुंचा था मासूम, तेज बहाव में नदी की चपेट में आने से लापता; लगातार सर्च ऑपरेशन जारी।

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत लाहुर निवासी नन्दन सिंह का 8 वर्षीय पुत्र राकेश सिंह सोमवार को अपनी माँ के साथ शिवालय में जलाभिषेक करने गया था। इसी दौरान शिवालय के समीप सरयू नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से वह लापता हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी का जलस्तर लगातार बारिश के कारण काफी बढ़ा हुआ था। तेज बहाव के चलते बालक कुछ ही पलों में नदी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे की तलाश के लिए संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
लगातार हो रही बारिश और सरयू नदी के उफान के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद बचाव दल पूरी सतर्कता के साथ खोजबीन में जुटा हुआ है।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं और मासूम के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।



