सेवा संकल्प अभियान के तहत वालीबाल प्रतियोगिता, बी ग्रुप ने जीता खिताब
खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाविद्यालय में आयोजित हुई प्रतियोगिता

पुरोला। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत @2047” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को ब. ला. जु. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला में वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और टीम भावना का विकास करना रहा।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बी ग्रुप की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि उपविजेता टीम ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

विजेता टीम में शशांक, समीर, प्रियांशु, अंकुश, प्रियांशु कुमार और आकाश शामिल रहे। वहीं उपविजेता टीम में सुजल, सचिन, गौरव, अमन राणा, अमित और ऋषभ ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. बिशम्बर जोशी, बलवीर सिंह चौहान और मनवीर सिंह रावत रहे। आयोजन को सफल बनाने में क्रीड़ा प्रभारी रमेश चंद्र रडवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य ए.के. तिवारी ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।



