तीन महीने से बंद सटुड़ी गांव का रास्ता, ग्रामीणों में रोष
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें, राशन आपूर्ति भी प्रभावित
मोरी उत्तरकाशी। विकासखंड मोरी के सटुड़ी गांव का मुख्य पैदल मार्ग पिछले करीब तीन महीने से बंद पड़ा है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द मार्ग बहाल करने के साथ ही स्थायी सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में केवल प्राथमिक विद्यालय है। इसके बाद की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को जखोल और पांव गांव जाना पड़ता है। रास्ता क्षतिग्रस्त होने के कारण स्कूली बच्चों के साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त मार्ग पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मार्ग बंद होने का असर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर भी पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव तक राशन पहुंचने में परेशानी हो रही है, जिससे लोगों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन महीने से समस्या बनी हुई है, लेकिन अभी तक मार्ग को सुचारु नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द रास्ता खोलने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए स्थायी सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।
ग्रामीण ज्ञान सिंह, विद्या सिंह, कृति सिंह, सोहन लाल, किताब सिंह, गजेंद्र लाल, विजय सिंह, राजेंद्र लाल, राजेंद्र सिंह, नेगी सिंह, जयदेव सिंह, गुलाब सिंह, ठाकुर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मार्ग की शीघ्र बहाली की मांग उठाई है।



