आपदाउत्तरकाशीउत्तराखंडनिरीक्षणपुलिस
Trending

पुरोला में फायर विभाग का विशेष अभियान, अग्नि सुरक्षा में लापरवाही पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की फायर ऑडिट; सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

पुरोला। जनपद उत्तरकाशी के फायर स्टेशन पुरोला द्वारा नगर क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा देहरादून तथा पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशों के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट के दिशा-निर्देशन में संचालित किया गया।

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मुन्ना सिंह चौहान एवं दिनेश कुमार के नेतृत्व में फायर स्टेशन पुरोला की टीम ने कुमोला मार्ग तथा पुरोला बाजार क्षेत्र स्थित होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और कार्यशीलता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानकों तथा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) की जांच की गई।

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं। विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी कर जल्द आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों और संचालकों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आग लगने की स्थिति में प्रारंभिक बचाव उपायों तथा आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट एवं भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना चाहिए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button