Blog
Trending

पुरोला महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने लिया एकता और अखंडता का संकल्प

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विचार गोष्ठी, शपथ ग्रहण और ‘रन फॉर यूनिटी’ का हुआ आयोजन

पुरोला::: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं महाविद्यालय प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए.के. तिवारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने लौह पुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 500 से अधिक देसी रियासतों का भारत संघ में विलय कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य के नेतृत्व में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा समाज में राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर “आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके अलावा महाविद्यालय परिसर से मुख्य मार्ग तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं कविता पाठ की प्रस्तुति देकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. ए.के. तिवारी, कृष्णदेव रतूड़ी, राजेन्द्र लाल आर्य, विशंभर जोशी, यमुना प्रसाद रतूड़ी, राजीव नौटियाल, डॉ. दीपक सिंह, विनोद कुमार, बबीता बंटवाण, वैशाली सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button