उत्तरकाशीउत्तराखंडकार्यक्रमगढ़वालदेश-विदेश
Trending

पुरोला की दिव्या ज्योति बिजल्वाण को ग्लोबल सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड 2026, वैश्विक मंच पर बढ़ाया उत्तराखंड का मान …

पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और पर्वतीय समुदायों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए सशक्त बनाने में योगदान पर मिला सम्मान।

पुरोला/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के पुरोला की दिव्या ज्योति बिजल्वाण ने अपनी उपलब्धि से एक बार फिर उत्तराखंड का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है। पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता और पर्वतीय समुदायों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए सशक्त बनाने के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें ग्लोबल सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह का आयोजन टेरी (TERI), सत्यार्थी फाउंडेशन और एआरसी एडटेक (ARC EdTech) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। यह पुरस्कार भारत, अटलांटा (उत्तरी अमेरिका), दुबई सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदान किया जाता है।

पर्यावरण संरक्षण और पर्वतीय समुदायों के लिए कर रही हैं कार्य

दिव्या ज्योति बिजल्वाण लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों की आजीविका से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही हैं। इसके साथ ही वह आपदा प्रबंधन और जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।

दिव्या के अनुसार, उनका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के स्थानीय समुदायों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और आपदा जोखिमों को कम करने के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना है।

दिव्या की उपलब्धि से पुरोला में खुशी

दिव्या ज्योति बिजल्वाण को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से पुरोला क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं, विशेषकर युवा महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

यह सम्मान दर्शाता है कि पर्वतीय क्षेत्रों से निकलकर भी युवा अपनी मेहनत, प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के बल पर वैश्विक स्तर पर पहचान बना सकते हैं। दिव्या की यह उपलब्धि न केवल पुरोला, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button