Blog
Trending

हरकीदून–केदारकांठा ट्रैक पर चला स्वच्छता अभियान, पर्यटकों से प्लास्टिक कचरा वापस लाने की अपील

वन्यजीव सप्ताह पर वेस्ट वॉरियर्स और पार्क प्रशासन ने चलाया अभियान, स्थानीय ग्रामीणों को भी किया जागरूक

पुरोला। विश्व प्रसिद्ध हरकीदून और केदारकांठा ट्रैक पर बढ़ती गंदगी और प्लास्टिक कचरे की समस्या को देखते हुए वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वेस्ट वॉरियर्स संस्था और गोविंद वन्यजीव विहार राष्ट्रीय पार्क प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान के दौरान ट्रैक मार्ग से प्लास्टिक एवं अन्य कचरा एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही पर्यटकों और ट्रैकिंग एजेंसियों से ट्रैक मार्गों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की गई।

हरकीदून और केदारकांठा हिमालय के प्रमुख ट्रैकिंग स्थलों में शामिल हैं। यहां पर्यटकों की आवाजाही के साथ प्लास्टिक और अन्य कचरे की समस्या भी सामने आती रही है। बेस कैंप सांकरी, तालुका और सौड़ सहित विभिन्न ट्रैक मार्गों से वेस्ट वॉरियर्स संस्था और पार्क प्रशासन हर वर्ष कई क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसके निस्तारण का कार्य करते हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर गंदगी की समस्या बनी हुई है।

वन्यजीव सप्ताह के तहत चलाए गए विशेष अभियान में ट्रैक मार्गों की सफाई के साथ स्थानीय विद्यालयों, गांवों और समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण, स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में स्थानीय ग्रामीणों और समुदाय के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

पांच वर्षों से प्लास्टिक मुक्त ट्रैकिंग क्षेत्रों के लिए प्रयास

वेस्ट वॉरियर्स संस्था के आउटरीच मैनेजर वीरपाल नेगी ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से पार्क प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हरकीदून और केदारकांठा जैसे हिमालयी ट्रैकिंग क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। पर्यावरण संरक्षण अभियानों की निरंतरता और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

पर्यटकों और ट्रैकिंग एजेंसियों से सहयोग की अपील

गोविंद वन्यजीव विहार राष्ट्रीय पार्क की उप निदेशक निधि सेमवाल ने ट्रैकिंग एजेंसियों और पर्यटकों से अपील की कि वे ट्रैक मार्गों पर प्लास्टिक या अन्य कचरा न छोड़ें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान में वेस्ट वॉरियर्स संस्था तथा पार्क प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

अभियान में आलोक असवाल, रजत उनियाल, किरण बिष्ट, पार्क के अधिकारी-कर्मचारी, वेस्ट वॉरियर्स टीम और ग्रामीण समुदाय के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button