वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रतियोगिताओं से छात्रों को किया जागरूक.
चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों को वन्य जीव संरक्षण व पर्यावरण के प्रति किया जागरूक

पुरोला वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को टौंस वन प्रभाग पुरोला की ओर से पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पुरोला में चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में उप वन संरक्षक आशुतोष सिंह ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने वन्य जीव संरक्षण, जैव विविधता, मानव-वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी के लिए भी छात्रों को प्रेरित किया।

भाषण प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में ऋचा चौहान ने प्रथम, शीतल ने द्वितीय और तनवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में कार्तिक प्रथम, अक्षत द्वितीय और सार्थक तृतीय रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में हिरोद चौहान प्रथम, सुमित द्वितीय और अस्मित रावत तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में सार्थक ने प्रथम, लोकेन्द्र ने द्वितीय और अक्षत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में अर्शिका जोन प्रथम, बिदांशी द्वितीय और तनिष्का शर्मा तृतीय रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में चन्द्रमोहन प्रथम, मानसी द्वितीय और लोकेन्द्र तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रताप राणा, सुखदेव राणा, रवींद्र राणा, जगविजय राणा, विक्रम रावत, एसडीओ विकास रावत, अरविंद मोल्फा, रेंज अधिकारी नरोत्तम रावत, अमीन चौहान, यशपाल पंवार, महेश पंवार सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



