गांधी-शास्त्री जयंती पर नौगांव नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
ड्राइंग प्रतियोगिता के जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को किया पुरस्कृत

नौगांव। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत नौगांव में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित अभियान के समापन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, अधिशासी अधिकारी शिवानी रावत, सभासदों, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं अन्य लोगों की मौजूदगी में वार्ड नंबर-1 में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही स्वच्छता की शपथ लेकर अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान दौलत राम रवांटा स्कूल में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान नितिन मिश्रा (कक्षा 7), द्वितीय प्रिया रावत (कक्षा 8) और तृतीय स्थान सृष्टि (कक्षा 6) ने प्राप्त किया।
वहीं सीनियर वर्ग में हिमानी राणा (कक्षा 10) प्रथम, आकाश बर्तवाल (कक्षा 9) द्वितीय तथा वैष्णवी परमार (कक्षा 10) तृतीय स्थान पर रहीं। नगर पंचायत की ओर से सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना है।



