10 सूत्रीय मांगों को लेकर मोरी प्रधान संगठन का ऐलान, 2 अक्टूबर की जीपीडीपी बैठक के बहिष्कार की चेतावनी
खंड विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

पुरोला, उत्तरकाशी। उत्तराखंड ग्राम प्रधान संगठन की 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में मोरी ब्लॉक प्रधान संगठन ने 2 अक्टूबर को प्रस्तावित ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) बैठक के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में मोरी प्रधान संगठन के अध्यक्ष कैलाश प्रसाद डिमरी ने खंड विकास अधिकारी, मोरी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेशभर के ग्राम प्रधान लंबे समय से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। मांगों के समाधान में हो रही देरी को लेकर ग्राम प्रधानों में नाराजगी है।
प्रधान संगठन अध्यक्ष कैलाश प्रसाद डिमरी ने कहा कि जब तक सरकार ग्राम प्रधानों की 10 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक मोरी विकासखंड में 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली जीपीडीपी बैठक का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी मांगों की अनदेखी जारी रही तो ग्राम प्रधान लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। साथ ही शासन-प्रशासन से ग्राम प्रधानों की मांगों का शीघ्र समाधान कर पंचायत प्रतिनिधियों के हित में निर्णय लेने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल, भागचन्द, जोगिन्दर, बलबीर, ममतेश, महेन्द्र सहित दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।



