उत्तराखंड भाजपा में संगठनात्मक बदलाव, राम माधव बने प्रदेश प्रभारी
दुष्यंत गौतम की जगह राम माधव को जिम्मेदारी, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज बने सह-प्रभारी

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार, 23 सितंबर को संगठनात्मक स्तर पर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रभारी एवं सह-प्रभारियों में बदलाव किया। इसके तहत राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
इस बदलाव के साथ उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे दुष्यंत गौतम की जगह अब राम माधव संगठन का दायित्व संभालेंगे। राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु का भी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा की नई व्यवस्था में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज उत्तराखंड में सह-प्रभारी के रूप में काम करेंगे। इससे प्रदेश संगठन में प्रभारी स्तर पर नई टीम की जिम्मेदारी तय हो गई है।
भाजपा ने यह संगठनात्मक बदलाव देशभर में राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्तियों के तहत किया है। पार्टी ने 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां घोषित की हैं। उत्तराखंड उन राज्यों में शामिल है, जहां 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
अब नई टीम के सामने उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों और आगामी चुनावी तैयारियों से जुड़े दायित्व रहेंगे।




