जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी से 770 ग्राम की नवजात बच्ची को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा
30 सप्ताह की प्रीमैच्योर बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर ले जाने की दी थी सलाह, जिला प्रशासन ने कराई हेली एंबुलेंस की व्यवस्था

उत्तरकाशी। दिनांक 17.10.2026 को जिला चिकित्सालय में B/O Laju (लाजू की नवजात बच्ची), पुत्री प्रवेश सिंह, निवासी दिलसौड़, मनेरा, पोस्ट ऑफिस जोशियाड़ा, उत्तरकाशी को गंभीर स्थिति के चलते हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
नवजात बच्ची का जन्म 30 सप्ताह 2 दिन में हुआ है। बच्ची का वजन 770 ग्राम है। वह प्रीमैच्योर (Preterm), सामान्य प्रसव से जन्मी (NVD), कम वजन (SGA/ELBW) और हाइपोग्लाइसीमिया (Hypoglycemic) से ग्रस्त है।
नवजात बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजनों ने हेली एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध किया।
परिजनों के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने यूकाडा (UCADA) से आवश्यक समन्वय कर नवजात बच्ची के लिए हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके पश्चात 17 अक्टूबर 2026 को अपराह्न लगभग 1:08 बजे नवजात बच्ची को हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।



