Blog
Trending

पुरोला में कुत्तों का आतंक, छह लोगों को काटा; पालिका ने शुरू की पकड़ने की कार्रवाई

लोगों में दहशत का माहौल, अस्पताल में लगातार पहुंच रहे डॉग बाइट के मामले

पुरोला। नगर पालिका परिषद पुरोला क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से कुत्तों के काटने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक कुत्ता अब तक छह लोगों को काट चुका है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा नेता पवन नौटियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार तथा राजपाल पंवार ने नगर पालिका प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते कुत्तों को नहीं पकड़ा गया तो अन्य लोग भी इनके हमले का शिकार हो सकते हैं।

मामले को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल ने बताया कि कुत्तों को पकड़ने के लिए पालिका की टीम को निर्देशित किया गया है। अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

वहीं, उपजिला चिकित्सालय पुरोला के प्रभारी डॉ. मनोज असवाल ने बताया कि अस्पताल में डॉग बाइट के मामले लगातार पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और कुत्ते के काटने से प्रभावित लोगों का नियमानुसार उपचार किया जा रहा है।

डॉ. असवाल ने लोगों से अपील की कि कुत्ते के काटने की स्थिति में किसी तरह की लापरवाही न बरतें और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button