Blog
Trending

उत्तरकाशी में अंतिम मतदाता सूची जारी, जिले में 2,25,050 मतदाता दर्ज

SIR-2026 के तहत अंतिम प्रकाशन; 1,17,314 पुरुष, 1,07,734 महिला और 2 तृतीय लिंग मतदाता शामिल

उत्तरकाशी, 03 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जनपद उत्तरकाशी की अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया गया। 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले में कुल 2,24,417 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची में यह संख्या बढ़कर 2,25,050 हो गई है।

अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में 1,17,314 पुरुष, 1,07,734 महिला और 2 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की स्थिति

पुरोला विधानसभा क्षेत्र में कुल 73,568 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 38,387 पुरुष, 35,180 महिला और 1 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में कुल 74,399 मतदाता हैं। इनमें 38,895 पुरुष और 35,504 महिला मतदाता शामिल हैं।

वहीं गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में कुल 77,083 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 40,032 पुरुष, 37,050 महिला और 1 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

दावे और आपत्तियों का किया गया निस्तारण

पुनरीक्षण अवधि के दौरान नाम जोड़ने एवं स्थानांतरण के लिए फॉर्म-6 के कुल 1,808 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1,720 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 88 आवेदन निरस्त किए गए।

इसी प्रकार नाम हटाने अथवा आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म-7 के कुल 1,560 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अभिलेखों एवं उपलब्ध डेटा का मिलान करते हुए दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया गया।

558 पोलिंग स्टेशनों पर चलेगा विशेष अभियान

जनपद में कुल 558 पोलिंग स्टेशन हैं। पुनरीक्षण से पूर्व मतदाताओं की संख्या 2,42,822 बताई गई थी। अब Post-SIR Special Drive के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने की बैठक

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी।

इस दौरान एडीएम मुक्ता मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा, बीएसपी से बुद्धि लाल, बीजेपी से जयचन्द, हरीश डंगवाल सहित अन्य प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी सूची

जनपद स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी।

आम नागरिक एवं मतदाता अपना नाम और संबंधित विवरण ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in तथा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button