Blog
Trending

5 अक्टूबर से पैक्स कार्यालयों में तालाबंदी की चेतावनी, सचिव-कर्मचारी प्रदेशव्यापी हड़ताल की तैयारी में

लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारी, 1 अक्टूबर से शुरू की कलमबंद हड़ताल

पुरोला। पैक्स सचिव एवं कर्मचारी संयुक्त संगठन, उत्तराखंड के आह्वान पर जनपद उत्तरकाशी की बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के सचिवों और कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर 5 अक्टूबर से प्रदेशभर के पैक्स कार्यालयों में तालाबंदी कर व्यापक हड़ताल शुरू की जाएगी।

संगठन के अनुसार, न्यायोचित मांगों के समर्थन में 18 सितंबर से 30 सितंबर तक विभागीय सूचनाओं के आदान-प्रदान और बैठकों का पूर्ण बहिष्कार किया गया। संगठन का कहना है कि इस अवधि में शासन और प्रशासन की ओर से मांगों के समाधान को लेकर कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई।

इसके बाद पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 1 अक्टूबर से सभी बहुउद्देशीय सहकारी समितियों में पूर्ण कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी गई है।

संगठन के प्रतिनिधि गुरुप्रसाद नौडियाल (उपाध्यक्ष), कमल नयन नौटियाल (सदस्य सचिव परिषद) और राजमोहन डोभाल (प्रांतीय प्रतिनिधि सदस्य) ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि शासन स्तर से समाधान नहीं होने के कारण संगठन को आंदोलन तेज करने का निर्णय लेना पड़ा है।

प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि 5 अक्टूबर से पैक्स कार्यालयों में तालाबंदी लागू होती है तो बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और आम उपभोक्ताओं को मिलने वाली विभिन्न सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

संगठन ने शासन से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button