Blog
Trending

डायट बड़कोट में गांधी-शास्त्री जयंती पर विविध कार्यक्रम, ट्रेनीज ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

प्राचार्य संजीव जोशी ने सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान

बड़कोट, उत्तरकाशी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बड़कोट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य संजीव जोशी ने ध्वजारोहण कर किया।

ध्वजारोहण के बाद प्राचार्य, संस्थान के संकाय सदस्यों एवं डीएलएड ट्रेनीज ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों, संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य संजीव जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सभी से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्यों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के विचारों के साथ ही शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान डीएलएड ट्रेनीज ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्य हेमू बिष्ट, डॉ. सुबोध बिष्ट, बृजेश मिश्रा, गोपाल सिंह राणा, बबीता सजवाण, सुशील चंद्र जोशी, संगीता रावत कोठारी, टीकाराम सिंह रावत, अरविंद सिंह चौहान, रिचा उनियाल और सत्या चमोली सहित डीएलएड ट्रेनीज मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button