आराकोट-बंगाण में कृषि एवं फल मंडी के लिए तेज हुई पहल, भूमि चिह्नीकरण की प्रक्रिया पर चर्चा
युवा नेता मनमोहन सिंह चौहान ने मंडी परिषद के उप महाप्रबंधक एन.के. सिंह से की मुलाकात, किसानों-बागवानों को उचित बाजार उपलब्ध कराने पर जोर

मोरी/उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के विकासखंड मोरी के आराकोट-बंगाण क्षेत्र में प्रस्तावित कृषि एवं फल मंडी को धरातल पर उतारने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान ने उत्तराखंड कृषि उत्पाद विपणन बोर्ड (मंडी परिषद) के उप महाप्रबंधक (तकनीकी) नंद किशोर सिंह (एन.के. सिंह) से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान आराकोट-बंगाण क्षेत्र में प्रस्तावित कृषि एवं फल मंडी के लिए भूमि चिह्नीकरण और उपलब्ध भूमि से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि आराकोट-बंगाण क्षेत्र के किसान और बागवान मेहनत से विभिन्न कृषि एवं फल उत्पाद तैयार करते हैं, लेकिन उचित बाजार उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अपनी उपज का अपेक्षित मूल्य प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कृषि एवं फल मंडी की स्थापना होने से किसानों और बागवानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। चौहान ने कहा कि मंडी की स्थापना को लेकर प्रयास लगातार जारी रहेंगे।



