Blog
Trending

धरासू के पास गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी टाटा पंच, एक की मौत

नौगांव से उत्तरकाशी जा रही थी कार; हादसे में 56 वर्षीय बर्फिया लाल कैशवानी की मौके पर ही मौत, SDRF और पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी।

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरासू थाना क्षेत्र के अंतर्गत रुणवासा के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौगांव से उत्तरकाशी की ओर जा रही टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना 20 नवंबर 2026 को अपराह्न करीब 3:20 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही धरासू थाना पुलिस और एसडीआरएफ चिन्यालीसौड़ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

मृतक की हुई पहचान

आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान बर्फिया लाल कैशवानी (56 वर्ष), पुत्र श्री सफरी, निवासी ग्राम तुनालका, नौगांव, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। मृतक के शव को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया, जिसके बाद पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ भेजा गया।

प्रारंभिक सूचना में कार में एक ही व्यक्ति सवार बताया गया है। हालांकि, कार में किसी अन्य व्यक्ति के होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से खोजबीन एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

हादसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहन टाटा पंच (UK07-02191) बताया गया है। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा 108 एंबुलेंस की टीम मौजूद रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button