Blog
Trending

चिन्यालीसौड़ में किसान ऋण मेले का आयोजन, 111 लाभार्थियों को बांटे ₹105.21 लाख के चेक

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की ओर से आयोजित मेले में किसानों, व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी।

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग की ओर से 18 नवंबर 2026 को विकासखंड कार्यालय परिसर चिन्यालीसौड़ में किसान ऋण मेला 2026 का आयोजन किया गया। बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामसुन्दर नौटियाल, उपाध्यक्ष भागीरथी विकास प्राधिकरण, उत्तराखंड सरकार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र राणा, बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, संचालक पूनम रमोला, नितीश रमोला एवं मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ उपस्थित रहे।

ऋण मेले का उद्देश्य किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं स्वरोजगार की दिशा में कार्य कर रहे लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें सरल बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा। इस दौरान सरकार की ओर से संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऋण वितरण प्रणाली को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं ।

इस अवसर पर बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत कुल 111 कृषकों एवं लाभार्थियों को 105.21 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि रामसुन्दर नौटियाल ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऋण मेले आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में जिला सहायक निबंधक, सचिव/महाप्रबंधक सहित बैंक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने सभी अतिथियों, किसानों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button