Blog
Trending

आपदा प्रभावित किसानों को अधिकतम मुआवजा देने की मांग, पूर्व विधायक मालचंद ने कृषि मंत्री को लिखा पत्र

नौगांव, पुरोला और मोरी के किसानों-बागवानों को फसल नुकसान के एवज में मुआवजा, फसल बीमा राशि और विशेष आर्थिक राहत जल्द देने का किया अनुरोध।

पुरोला (उत्तरकाशी)। पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता मालचंद ने प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम से प्रभावित उत्तरकाशी जनपद के नौगांव, पुरोला एवं मोरी विकासखंड के किसानों और बागवानों को अधिकतम मुआवजा एवं आर्थिक राहत देने की मांग की है।

इस संबंध में पूर्व विधायक मालचंद ने प्रदेश के कृषि मंत्री को पत्र भेजकर क्षेत्र में कृषि एवं बागवानी फसलों को हुए नुकसान से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम के चलते विभिन्न गांवों में किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। विशेष रूप से वर्षों की मेहनत से तैयार किए गए सेब सहित अन्य बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों और बागवानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मालचंद ने पत्र में कहा कि किसान और बागवान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी वर्षों की मेहनत और आय का प्रमुख स्रोत प्रभावित हुआ है। ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों को ठोस आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

उन्होंने कृषि मंत्री से अनुरोध किया कि नौगांव, पुरोला एवं मोरी क्षेत्र के प्रभावित किसानों और बागवानों को फसलों के नुकसान के आधार पर यथासंभव अधिकतम मुआवजा, फसल बीमा की धनराशि और विशेष आर्थिक राहत शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि समय पर आर्थिक सहायता मिलने से प्रभावित किसान दोबारा खेती और बागवानी के कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ा सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button