Blog
Trending

तस्वीरों में सम्मेलन, धरातल पर सन्नाटा? सरगांव शक्ति केंद्र को लेकर भाजपा में उठे सवाल

सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों की प्रामाणिकता पर सवाल, AI से तैयार होने की भी जताई जा रही आशंका; जिला संगठन ने लिया संज्ञान, विधानसभा विस्तारक बोले– होगी मामले की पड़ताल।

पुरोला (उत्तरकाशी)। भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पार्टी संगठन की ओर से मंडल स्तर पर शक्ति केंद्र सम्मेलनों को सेवा पखवाड़े के रूप में आयोजित किया जा रहा है। एक ओर भाजपा संगठन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर पुरोला भाजपा मंडल के सरगांव शक्ति केंद्र का मामला संगठनात्मक गतिविधियों और सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों की प्रामाणिकता को लेकर चर्चा में आ गया है।

आरोप है कि दुर्गम क्षेत्र में आयोजित किए जाने वाले शक्ति केंद्र सम्मेलन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के बजाय सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें साझा की गई हैं, जिनकी प्रामाणिकता को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। यहां तक कि तस्वीरों को AI से तैयार किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सरगांव शक्ति केंद्र के अंतर्गत चार बूथ और आठ गांव आते हैं। आरोप है कि क्षेत्र में सम्मेलन को लेकर जमीनी स्तर पर अपेक्षित गतिविधियां दिखाई नहीं दीं, जबकि विधानसभा प्रभारी की ओर से सोशल मीडिया पर डिंगाड़ी गांव में सम्मेलन आयोजित होने की तस्वीरें साझा की गईं। इन तस्वीरों में संबंधित चारों बूथों के अध्यक्षों, शक्ति केंद्र पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा है कि तस्वीरों में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान स्थानीय कार्यकर्ताओं के रूप में स्पष्ट नहीं हो पा रही है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या तस्वीरें वास्तव में डिंगाड़ी गांव में आयोजित सम्मेलन की हैं या किसी अन्य स्थान की? यदि तस्वीरें वास्तविक हैं तो कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? जिला संगठन तक पहुंचा मामला, जांच का भरोसा

प्रकरण को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान से फोन पर बातचीत कर मामले की जानकारी उनके संज्ञान में लाने का प्रयास किया गया। वहीं जिला प्रभारी नवीन ठाकुर को भी फोन के माध्यम से घटनाक्रम से अवगत कराया गया। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेने की बात कही है।

यह प्रकरण पुरोला विधानसभा के सर-बडियार क्षेत्र में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को लेकर समय-समय पर उठते रहे सवालों की भी याद दिलाता है। स्थानीय स्तर पर अक्सर कागजी दावों और धरातलीय स्थिति के बीच अंतर की शिकायतें सामने आती रही हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भाजपा जिला संगठन सरगांव शक्ति केंद्र की तस्वीरों की तकनीकी जांच करवाएगा? क्या चारों बूथ अध्यक्षों और आठ गांवों के कार्यकर्ताओं से सीधे जानकारी लेकर सम्मेलन की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाएगी?

क्योंकि चुनावी तैयारियों में सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली सक्रियता से अधिक महत्वपूर्ण बूथों पर कार्यकर्ताओं की वास्तविक मौजूदगी और ग्रामीणों की भागीदारी होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button