मोरी के प्रधानों ने उठाई मैटेरियल-लेबर अनुपात 80:20 करने की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों का दिया हवाला, पुलिया, संपर्क मार्ग, पैदल रास्तों और सुरक्षा दीवारों के निर्माण में आ रही दिक्कतों का किया उल्लेख

पुरोला। विकासखंड मोरी के ग्राम प्रधानों ने मनरेगा एवं पंचायतों के निर्माण कार्यों में मैटेरियल और लेबर के वर्तमान 60:40 अनुपात को बदलकर 80:20 किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में प्रधान संगठन मोरी के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत गुराड़ी के प्रधान कैलाश प्रसाद डिमरी के नेतृत्व में जिलाधिकारी उत्तरकाशी को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में प्रधानों ने कहा कि मोरी जैसे दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में वर्तमान 60:40 का अनुपात व्यावहारिक नहीं है। क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचाई, परिवहन लागत और निर्माण सामग्री की अधिक आवश्यकता के चलते गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य करवाने में कठिनाइयां आ रही हैं। इसके चलते कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित हैं और उन्हें निर्धारित समय पर पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

प्रधान संगठन ने मांग की है कि पर्वतीय क्षेत्रों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मैटेरियल-लेबर अनुपात 80:20 किया जाए, ताकि पंचायतों में निर्माण कार्यों को गति मिल सके और लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

ज्ञापन में पुलिया एवं संपर्क मार्गों का निर्माण, पैदल मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल बिछाने, नहरों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, पंचायत और सामुदायिक भवनों के निर्माण के साथ ही पक्के क्रेट एवं आरसीसी सुरक्षा दीवारों के कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
प्रधानों का कहना है कि इन निर्माण कार्यों से कृषि भूमि का संरक्षण होगा, ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिलेगी और गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।
ज्ञापन पर प्रधान संगठन मोरी के अध्यक्ष कैलाश प्रसाद डिमरी सहित विकासखंड के विभिन्न ग्राम प्रधानों के हस्ताक्षर एवं मुहरें अंकित हैं।



