Blog
Trending

पुरोला महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित, यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश

हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर दिया जोर, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की दी जानकारी

पुरोला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को बर्फिया लाल जुवाँठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला में परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज विवेक शर्मा ने की।

इस दौरान सिविल जज विवेक शर्मा ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

परिवहन विभाग के आरआई अंकित कंडियाल ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं प्राविधिक कार्यकर्ता दर्शन लाल बसियाल ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

शिविर में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क संकेतों और आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक राजेन्द्र लाल आर्य, विनोद कुमार, कृष्णदेव रतूड़ी सहित महाविद्यालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button