
पुरोला। सेवा निवृत राजकीय पेंशनर्स संगठन यमुना घाटी की बैठक नगर पालिका सभागार पुरोला में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन अध्यक्ष महिपाल सिंह असवाल ने कहा कि पेंशनर्स लंबे समय तक शासन-प्रशासन की सेवा देने के बाद सम्मानजनक जीवन के हकदार हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने पेंशन भुगतान में आ रही दिक्कतों, गोल्डन कार्ड से उपचार में होने वाली परेशानियों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, पेंशन पट्टा एवं महंगाई राहत जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
।
बैठक के दौरान संगठन का आय-व्यय विवरण भी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पेंशनर्स ने संगठन को और अधिक सक्रिय बनाते हुए समय-समय पर समस्याओं को शासन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक के उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह द्वारा इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी समाज के अनुभव और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा उनके अनुभव से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।



