आयोजनउत्तरकाशीउत्तराखंडकार्यक्रमगढ़वालग्रामीणरवांईसंस्कृति

Purola |पाणीगांव में माँ भद्रकाली के सानिध्य में धूमधाम से सम्पन्न हुआ ध्याणी–मैती मिलन एवं भेंट सम्मान समारोह

उत्तरकाशी जनपद के पुरोला विकासखंड के पाणीगांव गांव में ग्राम की ईष्ट-आराध्य देवी माँ भद्रकाली के सानिध्य में दिनांक 09 व 10 फरवरी को परंपरागत रीति–रिवाजों के साथ “ध्याणी–मैती मिलन एवं माँ भद्रकाली भेंट सम्मान समारोह” का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में गांव की सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और मैती–ध्याणी रिश्तों की आत्मीय झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के पहले दिन माँ भद्रकाली के मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना, देव आह्वान एवं पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। गांव की ध्याणीयों ने अपने मैती की कुलदेवी माँ भद्रकाली को श्रद्धापूर्वक भेंट अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा और ढोल-दमाऊं की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 10 फरवरी को ग्रामसभा पाणीगांव की ओर से विशेष सम्मान समारोह एवं विशाल भंडारे (सामूहिक भोज) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव की सभी ध्याणीयों, दामादों (जवांई), बाहर से आए अतिथियों, गांव से बाहर निवास करने वाले परिवारों तथा ग्रामसभा समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया। ग्रामसभा द्वारा आयोजित इस आयोजन में गांव के सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि आयोजन में गांव की ध्याणीयों, युवाओं और बुजुर्गों का सामूहिक सहयोग देखने को मिला। व्यवस्थाओं से लेकर अतिथियों के स्वागत, पूजा-अर्चना, भंडारे की तैयारी तथा कार्यक्रम संचालन तक सभी कार्य ग्रामीणों ने आपसी तालमेल से सम्पन्न किए। समारोह के दौरान ध्याणीयों ने अपने मैती पक्ष के समस्त परिवारजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पीढ़ियों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ गांव की सांस्कृतिक पहचान को भी जीवित रखते हैं।

समारोह के दौरान सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि ध्याणी–मैती मिलन जैसे आयोजन गांव की भावनात्मक एकता की सबसे बड़ी मिसाल हैं, जहां वर्षों बाद मायके पहुंची बेटियां, दामाद और परिजन एक ही मंच पर मिलकर पारिवारिक रिश्तों को नई ऊर्जा देते हैं।

कार्यक्रम में भगवान सिंह, किशन सिंह, अनमोल सिंह, प्रदीप सिंह कलूडा, पूर्व प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य सूर्या लाल, ग्राम प्रधान जयपाल भारती, शीशपाल भारती, शीशपाल सिंह, गजेंद्र सिंह, दीवान सिंह, अजय भारती, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूर्णचंद भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन माता भद्रकाली से गांव की सुख-शांति, समृद्धि और आपसी एकता की कामना के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button